जिले के दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में मुलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें - कलेक्टर श्री महोबे
धान खरीदी शासन की प्राथमिकता का कार्य, धान खरीदी में किसी भी किसान को दिक्कत नही होना चाहिए
धान खरीदी केन्द्रों में सभी व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
ग्राम बोदई के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के कार्य में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
कलेक्टर ने ली समय सीमा की बैठक
कवर्धा, 03 नवम्बर 2022। कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने गुरूवार शाम को समय सीमा की बैठक लेकर दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में मुलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने और शासन की महत्वकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली नागरिकों की मुलभूत आवश्यकता है। संवेदनशील और दूरस्थ क्षेत्रों में सभी सुविधाएं उपलब्ध होना चाहिए। विकासखंड बोड़ला और पंडरिया के दूरस्थ क्षेत्रों में अधिकारी स्वयं जाकर वहां मिल रही सुविधाओं का निरीक्षण करें और जिन स्थानों पर कमियां पाई जाती है, उसे तत्काल निराकरण कर पूरा करें। उन्हांने कहा कि जिले में प्रदेशव्यापी भेंट मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा दिए गए शेष निर्देशों पर प्राथमिकता से कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले के समूचित विकास के लिए किए गए अलग-अलग घोषणाओं पर कार्यवाही करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप कुमार अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर डॉ. मोनिका कौडो,एसडीएम कवर्धा श्री पी.सी. कोरी., पंडरिया एसडीएम श्री डी.आर. डाहिरे, सहसपुर लोहारा सुश्री लेखा अजगल्ले, सर्व जनपद सीईओ, नगर पालिका, नगर पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि बोड़ला और पंडरिया विकासखंड के दूरस्थ गांव में जल जीवन मिशन के तहत कार्य चल रहे हैं इन कार्यों में गुणवत्ता होनी चाहिए नल कनेक्शन लगने के बाद पानी आने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। जिन स्थानों में गंदे पानी की समस्या आ रही है, उसे दूर करें। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी और महिला एवं बाल विकास अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के सभी आंगनबाड़ी और स्कूल का संचालन नियमित रूप से समय पर होना चाहिए। उन्होंने ग्राम बोदई के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के कार्य में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश महिला एवं बाल विकास अधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत सीईओ और उस क्षेत्र के अधिकारी वहां भ्रमण कर कार्यों का निरीक्षण करें। उन्होंने क्षेत्र में आवास निर्माण को पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली की व्यवस्था को दुरूस्त रखें। सभी अधिकारी फील्ड में जाकर कार्य करें और समस्याओं को दूर करें।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि धान खरीदी 1 नवंबर से प्रारंभ हो गया है। यह शासन की प्राथमिकता का कार्य है। धान खरीदी में किसी भी किसान को दिक्कत नही होना चाहिए। कोई भी पात्र किसान धान बेचने से वांछित नही होना चाहिए। उन्होंने कहा की पोर्टल में तकनीकी समस्या आ रही है उसे दूर कर कार्य करे। धान खरीदी के लिए सभी समितियों में पर्याप्त व्यवस्था होना चाहिए। इसमें शिकायत नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने मनरेगा के कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि श्रमिकों की संख्या में वृद्धि करें। अधिक से अधिक लोगों को मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा की गांव में विभिन्न कार्यों के लिए स्टीमेट तैयार करें, जिससे अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।
स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के छात्रों ने मारी बाजी
छत्तीसगढ़ 22 वीं राज्य स्तरीय अंतर्शालेय खेल प्रतियोगिता में छात्रों ले जीता गोल्ड मेडल
कवर्धा, 03 नवम्बर 2022। छत्तीसगढ़ 22 वीं राज्य स्तरीय अंतर्शालेय खेल प्रतियोगिता में स्वामी आत्मानंद विद्यालय कचहरी पारा कवर्धा के कक्षा 9वीं के छात्र पेखराज साहू ने अंडर 17, 45 कि.ग्रा. बालक वर्ग तथा गर्ल्स अंडर 17 में कक्षा दसवीं की छात्रा कु. श्वेता यादव ने 52 कि.ग्रा. बालिका वर्ग में बिलासपुर में 26 से 30 अक्टूबर तक चलने वाले कराते चैंपियन में गोल्ड मेडल जीता साथ ही विद्यालय की कक्षा नवमी की छात्रा कु. आस्था धुर्वे ने महासमुंद में 19 अक्टूबर 2022 को हुए अंडर-17 बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में राज्य स्तर पर गोल्ड मेडल जीतकर विद्यालय व जिले का नाम रोशन किया है।
खेल शिक्षिका श्रीमती संगीता साहू ने बताया कि यह सभी विद्यार्थी नियमित रूप से खेल के प्रति समर्पित है एवं प्रतिदिन मैदान जाकर खेल का अभ्यास करते हैं। आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की घोषणा जल्द की जाएगी। जिस प्रतियोगिता में बेहतर परिणाम लाने की उम्मीद भी जताई गई है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य श्री आर.एस. धुर्वे, श्री. पी. के. शुक्ला, श्री एस के पांडेय, श्री पीपी पांडे, श्री तुषार सिंह ठाकुर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हर्ष प्रकट करते हुए छात्रों को बधाई देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
पैन इण्डिया आउटरीच के तहत विधिक साक्षरता के लिए विभिन्न कार्यक्रम प्रारंभ
कवर्धा, 03 नवम्बर 2022। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देशानुसार स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नालसा के निर्देशानुसार दो विभिन्न कार्यक्रम 31 अक्टूबर से 14 नवंबर के मध्य प्रत्येक जिलों में आयोजित किया जाना है। इसी परिप्रेक्ष्य में छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) के कार्यपालक अध्यक्ष श्री न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी के निर्देशानुसार तथा अध्यक्ष, जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती नीता यादव के मार्गदर्शन में कबीरधाम जिले में उक्त दोनों कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया है।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अमित प्रताप चंद्रा ने बताया कि पहला कार्यक्रम जेल में निरूद्ध बंदियों को उनके विभिन्न अधिकारों की जानकारी देने तथा उनके प्रकरणों के संबंध में आने वाली समस्याओें को दूर करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का नाम ‘‘हक हमारा भी तो है/75’’ है। इस कार्यक्रम के लिए 10 पैरालिगल वालेंटियर (पी.एल.व्ही.) तथा चार अधिवक्तागण की टीम फील्ड टीम के रूप में तैयार की गई है। उक्त टीमें प्रत्येक बंदियों से एक-एक करके मिलकर उन्हें अधिकारों की जानकारी देंगे तथा कोर टीम, जिसमें सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा दो अधिवक्तागण रहेंगे, द्वारा उक्त टीमों की मानिटिरिंग की जाएगी।
उन्होंने बताया कि द्वितीय कार्यक्रम का नाम ‘‘कानूनी जागरूकता और आउटरीच के माध्यम से नागरिकों का सशक्तिकरण’’ है। उक्त कार्यक्रम के लिए न्यायाधीशगण के नेतृत्व में 8 टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में न्यायाधीशगण, पी.एल.व्ही., अधिवक्तागण, अन्य समस्त विभागों के संबंधित क्षेत्र के अधिकारीगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सम्मिलित है। आवश्यकता होने पर रिसोर्स पर्सन के रूप में संबंधित क्षेत्र के स्कूलों के प्रमुखों को लिया जा सकेगा। रिसोर्स पर्सन संबंधित क्षेत्र के अंतर्गत बच्चों को नशा मुक्ति तथा स्कूलों में प्रवेश प्राप्त कर शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेंगे। आउटरीच अभियान के तहत् जिले के समस्त गांवों में, स्कूलों में, महाविद्यालयों में एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान ही विधिक सहायता प्राप्त करने के पात्र व्यक्तियों को विधिक सहायता भी उपलब्ध करायी जाएगी। इस अभियान के दौरान राज्योत्सव कार्यक्रम में स्टॉल लगाकर लगभग 6,000 लोगों विधिक प्रावधानों से अवगत कराया गया है। एक अन्य कार्यक्रम में पण्डरिया न्यायालय की न्यायाधीश सुश्री आकांक्षा राठौर द्वारा महिला बाल विकास विभाग के सहयोग से महिलाओं के लिये विधिक साक्षरता का कार्यक्रम आयोजित किया गया है जिसमें महिलाओं से संबंधित 10 विभिन्न अधिनियमों की जानकारी उन्हें प्रदान की गई। उक्त कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन के रूप में अधिवक्तागण श्रीमती अंजना तिवारी एवं श्रीमती सविता अवस्थी उपस्थित थे।
गन्ना उत्पादक किसानों को लगभग 12 करोड़ रूपए की शेष प्रोत्साहन राशि के भुगतान का आदेश जारी
किसानों को मिलेगी प्रति क्विंटल 79.50 रूपए की प्रोत्साहन राशि
कवर्धा, 03 नवम्बर 2022। गन्ना पेराई वर्ष 2020-21 में सहकारी शक्कर कारखानों को गन्ना बेचने वाले कृषकों को प्रति क्विंटल की मान से 84.25 रूपए प्रोत्साहन राशि दिए जाने के संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा संशोधित आदेश जारी किया गया है। यह संशोधित आदेश 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिपरिषद् की बैठक में लिए गए निर्णय के परिपालन में जारी किया गया है। संशोधित आदेश के अनुसार गन्ना पेराई वर्ष 2020-21 की गन्ना प्रोत्साहन की शेष राशि 11 करोड़ 99 लाख रूपए का भुगतान भी किसानों को किया जाएगा।
इसी तरह गन्ना पेराई वर्ष 2021-22 में सहकारी शक्कर कारखानों में गन्ना बेचने वाले कृषकों को 79.50 रूपए प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, लेकिन जिन गन्ना कृषकों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत वर्ष 2021-22 में इनपुट सब्सिडी दी गई है, उन्हें गन्ना प्रोत्साहन देय राशि से समायोजन किया जाएगा।
जिला स्तरीय कृषक सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न
कवर्धा, 03 नवम्बर 2022। एक्सटेंशन रिफॉर्म्स (आत्मा) ‘‘योजना अंतर्गत जिला स्तरीय कृषक सलाहकार समिति की बैठक दो नवंबर को 2 बजे कार्यालय उप संचालक कृषि, कबीरधाम के सभागार में श्री भागवत साहू, अध्यक्ष, जिला स्तरीय कृषक सलाहकार समिति के अध्यक्षता में समन्न हुआ। जिसमें श्री साहू ने आत्मा योजना अंतर्गत प्रगति की समीक्षा की। जिसमें फसल प्रदर्शन के माध्यम से उन्नत तकनीकी हेतु कृषकों को प्रोस्ताहित करने के लिए कहा गया।
जिले के उत्कृष्ट कृषकों को भ्रमण में ले जाने के लिए चर्चा की गई जिससे अन्य राज्य में अपनाई गई नवीन तकनीकों का जिले के कृषकों द्वारा अनुशरण किया जा सके। इसी प्रकार जिले में अधिक से अधिक प्रशिक्षण करने के लिए निर्देश दिए गए है। बैठक में उपस्थित सम्वर्गीय विभाग के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। बैठक में कृषक सलाहकारी समिति के सदस्य, कृषि एवं संवर्गीय विभाग के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले के प्रशिक्षण इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित
कवर्धा, 03 नवम्बर 2022। जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज महराजपुर, कबीरधाम में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदाय किए जाने, जिले के प्रशिक्षण इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित है। प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क तथा आवासीय एवं गैर आवासीय होंगे। जिले के ऐसे प्रशिक्षण इच्छुक अभ्यर्थी, जिनकी आयु न्यूनतम 16 वर्ष या अधिक तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 5वी, 8वी एवं 10वी उत्तीर्ण, व्यवसायवार अलग-अलग निर्धारित है, इलेक्ट्रोनिक्स, इलेक्ट्रिकल, कम्प्यूटर, सिलाई तथा रिटेल व्यवसाय में कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए आवेदन प्रस्तुत कर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते है। आवेदन का प्रारूप लाईवलीहुड कॉलेज, महराजपुर, से निःशुल्क प्राप्त कर सकते है।
एस.एस.सी., बैंकिग, रेल्वे एवं व्यापम जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए परीक्षा का आयोजन
कवर्धा, 03 नवम्बर 2022। राजीव युवा उत्थान योजना अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछडा वर्ग के प्रतिभावन छात्र-छात्राओं को एस.एस.सी., बैंकिग, रेल्वे एवं व्यापम जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पूर्व में इस कार्यालय को विद्यार्थियों के द्वारा आवेदन किया गया है। उन विद्यार्थियां को प्रशिक्षण पूर्व प्री-टेस्ट परीक्षा के लिए 06 नवंबर को समय प्रातः 11.00 बजे से 1. बजे तक परीक्षा केन्द्र स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल दुर्गावती चौक कवर्धा में आयोजित है। पात्र एवं अपात्र आवेदनों की सूची कार्यालयीन सूचना पटल पर चस्पा किया गया है।
.jpg)
.jpg)