कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि कबीरधाम जिला अन्य राज्यों के सीमा से जुड़ा हुआ है। यहां बाहर से धान आने की संभावना बनी रहती है, सीमावर्ती इलाके में कड़ी निगरानी रखी जाए। चेक पोस्ट पर आने वाली गाड़ियों की जांच करें। अवैध धान पाए जाने पर जप्त की कार्रवाई करें। कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम और नोडल अधिकारियों को उपार्जन केन्द्रों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में बारदाना की स्थिति सहित किसानों से जुड़ी सभी समस्याओं के बारे में जानकारी भी ली। उन्होंने पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी बारिश की आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए सभी धान खरीदी केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी केन्द्रो में कैपकवर, तारपोलिंग की व्यवस्था रखें। इसके साथ ही ड्रेनेज पर विशेष ध्यान रखें। धान खरीदी केंद्र में पानी की निकासी के लिए नाली सहित आवश्यक तैयारी रखें। उन्होंने किसानों के धान विक्रय के बाद राशि के भुगतान की जानकारी ली। बैंक के नोडल अधिकारी ने बताया कि धान विक्रय के बाद किसानों को राशि का भुगतान लगातार किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा की खरीफ फसल के बाद किसानों द्वारा रबी फसल का उत्पादन किया जाएगा। इसके लिए तैयारी रखी जाए। सोसायटी में किसानों को रबी फसल के बीज और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसान रासायनिक खाद के साथ वर्मी खाद का उपयोग करें। किसानों को इसके लिए प्रेरित करें। इसके लिए उन्होंने सभी समिति में आरईओ की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनचौपाल, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पोर्टल में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी संबंधित विभाग प्रकरणों का समय पर निराकरण करें। जिन प्रकरणों का निराकरण हो चुका है उसका ऑनलाइन एंट्री करना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओं श्री संदीप कुमार अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर सुश्री दिप्ती गौते, डॉ. मोनिका कौड़ो, बोड़ला एसडीएम श्री संदीप ठाकुर, पंडरिया श्री डी. आर. डाहिरे, डिप्टी कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर, सुश्री लेखा अजग्गले सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
.jpg)