Latest Update

latest


पंडरिया में ‘रन फॉर यूनिटी’ मिनी मैराथन में दिखा जन उत्साह, विधायक भावना बोहरा के साथ 500 से अधिक लोगों ने दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

पंडरिया में ‘रन फॉर यूनिटी’ मिनी मैराथन में दिखा जन उत्साह, विधायक भावना बोहरा के साथ 500 से अधिक लोगों ने दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा ‘रन फॉर यूनिटी (मिनी मैराथन)’ का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित इस मिनी मैराथन में पंडरिया विधानसभा के विभिन्न महाविद्यालय के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस मिनी मैराथन में महिला एवं पुरुष वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विधायक भावना बोहरा द्वारा मोमेंटों भेंट कर पुरस्कृत किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। पंडरिया महाविद्यालय से पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान तक आयोजित इस मिनी मैराथन को विधायक भावना बोहरा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ में शामिल होकर देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। आयोजन के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल जी के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को और मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। स्वतंत्रता के पश्चात देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर उन्होंने भारत की एकता और अखंडता को सुदृढ़ करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका योगदान केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं है, बल्कि आज भी प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। सरदार पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प और असाधारण नेतृत्व से यह सिद्ध किया कि जब देश की एकता और अखंडता का प्रश्न हो, तब व्यक्तिगत स्वार्थों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में निर्णय लेना ही सच्ची देशभक्ति है। आज उनकी जयंती पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।

भावना बोहरा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण संबंधी विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। गुजरात में विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का निर्माण सरदार पटेल के प्रति देश की कृतज्ञता और उनके विराट व्यक्तित्व को सम्मान देने का ऐतिहासिक उदाहरण है। राष्ट्रीय एकता दिवस जैसे आयोजनों के माध्यम से देशवासियों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और एकजुटता की भावना को प्रोत्साहित किया जा रहा है।प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना के साथ विकास, सुशासन और राष्ट्रीय गौरव के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आज भारत की सांस्कृतिक विविधता उसकी सबसे बड़ी ताकत है। भाषा, क्षेत्र और संस्कृति की विविधताओं के बावजूद हम सभी भारतीय हैं और राष्ट्र की प्रगति एवं सुरक्षा के प्रति हमारा संकल्प एक है। माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। डबल इंजन सरकार का उद्देश्य विकास के लाभ को गाँव, गरीब, किसान, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना है। प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं को शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भावना बोहरा ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की ऊर्जा, सामर्थ्य और भविष्य के आधार होते हैं। जब युवा स्वस्थ शरीर, सकारात्मक विचार और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ते हैं, तो देश की प्रगति को नई गति मिलती है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी युवाओं, नागरिकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल जी के आदर्शों को आत्मसात करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। हम सभी को राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को सर्वोपरि रखना चाहिए। आज ‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से पंडरिया ने एकजुटता, राष्ट्रप्रेम और सामूहिक संकल्प का संदेश दिया। आइए हम मिलकर सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुँचाते हुए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लें।

इस अवसर पर नगर पालिका पंडरिया की अध्यक्ष श्रीमती मंजुला देवी कुर्रे जी, नगर पंचायत पांडातराई अध्यक्ष श्रीमती सरिता सोनी जी, मंडल अध्यक्ष पंडरिया श्री रविश ठाकुर जी, श्री चंद्रकुमार सोनी जी, श्री हरीश जैन जी, अंजू शर्मा जी, समस्त पार्षद व एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
Next Story Older Post Home

Related Article

Don't Miss
© Copyright 2024
All Rights Reserved ! by The National News