Latest Update

latest


कश्मीर में भारी हलचल के बीच कल होगी केंद्रीय कैबिनेट की बैठक, अमित शाह ने गृह सचिव और NSA संग की मीटिंग



नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में चल रही हलचल के बीच सोमवार को केंद्रीय कैबिनेट की मीटिंग होगी। सोमवार को संसद सत्र शुरू होने के समय से पहले कैबिनेट मीटिंग होगी। सुबह 9:30 बजे बुलाई गई केंद्रीय मंत्रीमंडल की बैठक में क्या फैसला होगा, इस पर सभी की नजरें रहेंगी। वहीं, आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल और गृह सचिव राजीव गौबा भी मौजूद रहे।

इसके अलावा सोमवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक से पहले आज शाम को सात बजे बीजेपी के महासचिवों की बैठक बुलाई गई है। गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में भारी संख्या में अतिरिक्त अर्ध-सैनिक बलों की तैनाती की गई है और एक के बाद अडवाइजरी जारी की जा रही हैं, जिससे असमंजस भरी स्थिति बनती नजर आ रही है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच कश्मीर को विशेष अधिकार देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 और धारा 35ए को लेकर चल रही अटकलों पर राज्य की पू्र्व मुख्यमंत्री ने बयान दिया।
महबूबा मुफ्ती ने कहा, ‘यदि 35ए या 370 के साथ छेड़छाड़ की गई तो उसके नतीजे बेहत खतरनाक होंगे। हमने भारत सरकार से अपील भी की, हमने मिन्नतें भी कीं लेकिन बदकिस्मती की बात यह है कि अभी भी उनकी तरफ से किसी भी तरह की प्रतिक्रिया या आश्वासन नहीं मिला है। जम्मू-कश्मीर में लोग घबराए हुए हैं लेकिन सरकार इतना भी नहीं कर रही कि किसी से बात कर ले और कहे कि सबकुछ ठीक है।’
महबूबा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के वर्तमान हालात पर सूबे की तमाम सियासी पार्टियां आज शाम 6 बजे उनके आवास पर एक बैठक करने वाली हैं।

Related Article

Don't Miss
© Copyright 2024
All Rights Reserved ! by The National News